ताजमहल परिसर स्थित मस्जिद में सिर्फ शुक्रवार को नमाज पढ़ने की अनुमति होती है। बुधवार को CISF ने चार युवकों को ताजमहल मस्जिद में नमाज पढ़ते समय पकड़ लिया। चारों को ताजगंज पुलिस के हवाले किया गया है। वह चारों पर्यटक हैं जिसमें से तीन हैदराबाद और एक आजमगढ़ का निवासी है। यह घटना बुधवार शाम करीब पौने सात बजे की है। शुक्रवार के दिन को ही ताजमहल में सिर्फ स्थानीय लोगों को आईडी दिखाने के बाद नमाज के लिए प्रवेश दिया जाता है। इसके अलावा किसी और दिन ताजमहल मस्जिद में नमाज नहीं पढ़ी जाती।
इंस्पेक्टर ताजमहल भूपेंद्र बालियान ने चारों युवकों को पुलिस हिरासत में लेते हुए बताया की चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस मामले में पकड़े गए युवकों का कहना है कि उन्हें इस नियम की जानकारी नहीं थी। वह ताजमहल घूमने आए हुए थे। जानकारी होती तो वह ऐसा नहीं करते।
यह भी पढ़े- आजमगढ़: भाई ने बहन को उतारा मौत के घाट
पुलिस का कहना है कि ताजमहल की आंतरिक सुरक्षा CISF के पास है। CISF ने युवकों को पकड़ा है। उन्होंने धर्मस्थल पर ऐसा काम किया है जिससे माहौल खराब हो सकता था। और काफ़ी बड़ा विवाद हो सकता था। दूसरे लोग इसी बात का मुद्दा बना सकते हैं। इसलिए इस मामले में मुकदमा लिखकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। युवकों के परिजनों को कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी। ताकि वह उनकी जमानत ले सकें। पुलिस पकड़े गए युवकों के प्रमाणपत्रों का भी सत्यापन करा रही है। वह कहां ठहरे थे, कब आए थे। इसकी भी तस्दीक कराई जा रही है।