हरिद्वार: कांवड़ मेले(Kanwar Yatra 2022) के पहले दिन लाखों कांवड़ियों के साथ हरिद्वार आए ग्रेटर नोएडा के मोनू ने हर शख्स का दिल जीत लिया है। भगवान शिव के प्रति आस्था के साथ-साथ मोनू के अंदर देश की सीमाओं पर खड़े जवानों के प्रति भी जज्बा देखने को मिला। मोनू फौजी की प्रतिमा सिर पर रखकर हरिद्वार से गंगाजल लेकर ग्रेटर नोएडा के लिए पैदल निकल पड़े है। उनके जज्बे को हर किसी ने सलाम भी किया है।
बता दें कि कोरोना के चलते दो साल बाद शुरू हुई कांवड़ यात्रा(Kanwar Yatra 2022) में इस बार आस्था और देशभक्ति का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है। इस अमिट छाप में श्रद्धा और देश समर्पण की भावना शिवभक्तों में देखते ही बनती है। दरअसल, शिवभक्त इस बार बड़ी संख्या में गंगा जल के साथ राष्ट्र की शान तिरंगे को भी साथ लेकर चल रहे हैं। शिवभक्तों में भक्ति का सुरूर और राष्ट्र के लिए जुनून इस यात्रा को और भी महत्वपूर्ण बना रहा है। गुरुवार को लाखों कांवड़िए पहले दिन गंगाजल लेने के लिए पहुंचे। इन्हीं कांवड़ियों के बीच मोनू ने अपनी अलग छाप छोड़ दी है।
यह भी पढ़े- केदारनाथ यात्रा के मुख्य पड़ाव गौरीकुंड में प्रसिद्ध गौरीमाई मंदिर के पीछे हुआ भूस्खलन
मोनू ग्रेटर नोएडा के गांव छपरोला के रहने वाले बताए गए हैं। 26 वर्षीय मोनू कांवड़ के रूप में एक फौजी का प्रतिमा लेकर हरिद्वार से गंगाजल लेने के लिए पहुंचे हैं। हरकी पैड़ी पर स्वयं स्नान करने के बाद उन्होंने प्रतिमा को स्नान भी कराया। इसके बाद गंगाजल लिया और कांवड़ के रूप में फौजी की प्रतिमा को सिर पर रखकर ग्रेटर नोएडा के लिए रवाना हो गए है।
कांवड़ रूट पर पैदल सिर में फौजी की प्रतिमा देखकर हर कोई हैरानी मे पड़ गया। लोगों ने उनके जज्बे को सलाम भी किया। मोनू ने बताया कि प्रतिमा को वह बस में लेकर आए थे, लेकिन गंगा स्नान के बाद कांवड़ के रूप में सिर पर रखकर ग्रेटर नोएडा के अपने गांव तक पैदल ही जाएंगे।
मोनू ने बताया कि पुलवामा हमले की घटना ने उनको बहुत जादा आहत किया है। सैनिकों के सम्मान के लिए उन्होंने श्रावण में कांवड़ के रूप में फौजी के प्रतिमा ले जाने का प्रण किया था। प्रण पूरा करने की शुरुआत हरिद्वार से कर दी है।