उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में बभनी इलाके में अंधविश्वास का एक मामला सामने आया है। जिसे जानकर आप भी हैरान हो जाएंगे। जहां अंधविश्वास के चलते दो लड़कियों की आपस में ही शादी करवा दी गई है। दरअसल, एक ओझा ने कहा कि दोनों लड़कियों के कुंडली में मृत्यु योग बना है। यदि दोनों ने आपस में शादी नहीं की तो दोनों के होने वाले पतियों की मृत्यु हो सकती है। मृत्यु योग बचाने के लिए इस तरह की शादी का टोटका किया गया है। इतना ही नहीं गांव के लोगों ने इस शादी में जमकर दावत भी खाई। वहीं इसकी जानकारी आदिवासी पंचायत ने दोनों परिवार पर दंड भी लगाया है।
बताया जा रहा है गांव में पिछले सोमवार की रात में परिजनों की मौजूदगी में दो लड़कियों ने आपस में शादी रचाई है। दूल्हा बनी लड़की बारात लेकर दुल्हन के दरवाजे पहुंची और विधि विधान से शादी को संपन्न कराया गया। यही नहीं गांव के सार्वजनिक स्थल पर पूजा के बाद बारातियों को भोजन भी कराया गया। बताया जा रहा है कि ये शादी नहीं एक टोटका था। एक ओझा ने दोनों परिवार को डराया था कि विवाह के बाद लड़कियों के पतियों की मृत्यु हो जाएगी। ओझा की बात मानकर दोनों परिवार ने ये रास्ता अपनाया था।
यह भी पढ़े- मेरठ: प्रेमिका को गोली मारकर लिपटकर रोया प्रेमी, फिर खुद को मारी गोली
शादी का वीडियो शुक्रवार को वायरल होने के बाद पूरे जिले में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। दोनों कन्याओं की शादी की जानकारी होने पर गांव के आदिवासी के पुजारी और बिरादरी ने नाराजगी जताई है। यही नहीं दोनों परिवारों पर अंधविश्वास को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए पंचायत की बैठक हुई। घंटों चली बैठक के बाद पंचायत ने दोनों परिवारों को दो- दो बकरों और भात- भोज का दंड भी दिया। हांलाकि, दोनों परिवारों ने फैसले को मानने से इनकार करते हुए कहा कि उनकी बेटियों की सुख के लिए उन्होंने ऐसा कदम उठाया है।