आज अक्षय तृतीय पर गंगोत्री- यमुनोत्री धाम के कपाट खोल दिए गए।
तीर्थ पुरोहितों की मौजूदगी में आज गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खोल दिए गए। उत्तराखंड राज्य में चारधाम यात्रा आज 03 मई से गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही शुरू हो गई है। जबकि, श्री केदारनाथ धाम के कपाट 06 मई और बद्रीनाथ धाम के कपाट 08 मई को देश विदेश के श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खुल जाएंगे। विधिवत पूजा पाठ के साथ गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अगले 6 महीने के लिए सभी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं।
दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर यमुनोत्री धाम के कपाट विधिविधान के साथ खोल दिए गए। वहीं दूसरी तरफ़ 11 बजकर 15 मिनट पर, जय मां गंगे के जयकारों के साथ आगामी छह माह के लिए गंगोत्री धाम के कपाट विधिविधान के साथ खोल दिए गए।
यह भी पढ़े- श्री केदारनाथ धाम: उखीमठ से बाबा केदार की डोली हुई रवाना
देवभूमि उत्तराखंड में केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री चार धाम हैं। ये चारों धाम साल के 6 महीने खुले रहते हैं। बाद में भारी बारिश और बर्फबारी के चलते इन्हें नवंबर महीने के आसपास बंद कर दिया जाता है। दो वर्ष तक कोरोना काल के कारण कई लोग दर्शन नहीं कर पाए। इसलिए इस वर्ष रिकार्ड तोड यात्रियों तथा श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
इसके साथ ही आज बाबा केदारनाथ की डोली नारायणकोटी, मैखंडा से होते हुए अपने दूसरे पड़ाव फाटा पर पहुँची। आज बाबा केदारनाथ जी की डोली फाटा में रात्रि विश्राम करेगी। वहीं कल 4 मई को सीतापुर, फिर सोनप्रयाग होते हुए गौरीकुंड में रात्रि प्रवास होगा।